गोरखपुर में मरम्मत के लिए आई कार दोस्त को बेचने के आरोपी मैकेनिक को कैंट पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मैकेनिक ने मरम्मत के लिए दिए गए 60 हजार रुपये भी हड़प लिए थे। कार मालिक की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस कार खरीदने वाले की तलाश में जुटी है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान तिवारीपुर के बड़े काजीपुर निवासी अज्जू उर्फ दिलशाद के रूप में हुई है। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि कुशीनगर के हाटा निवासी बलराम शर्मा ने अपनी कार गोरखपुर शहर के बेतियाहाता में गैराज चलाने वाले अज्जू उर्फ दिलशाद को मरम्मत के लिए 26 मार्च 2018 को दी थी।
गाड़ी बनाने के एवज में एडवांस के रूप में उन्होंने 60 हजार रुपये भी दिए थे। एक साल से मकैनिक अज्जू उन्हें न तो गाड़ी वापस कर रहा था और न ही उनके रुपये। वह गाड़ी चोरी होने समेत तरह-तरह के बहाने बना रहा था।
इधर, गाड़ी मांगने पर अज्जू उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। परेशान गाड़ी मालिक बलराम ने कैंट पुलिस को 16 जून 2022 को तहरीर दी थी, पुलिस ने केस दर्ज कर मकैनिक को ट्रांसपोर्ट नगर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि गाड़ी को बेच दी थी।
अपना बताकर बेच दी कार
पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि दिलशाद ने गाड़ी को अपना बताकर अपने ही दोस्त गाजीरौजा निवासी राशिद अली को बेच दिया है। अब पुलिस कार खरीदने वाले की तलाश कर रही है। वहीं पुलिस अज्जू के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।