गोरखपुर जिले में कार या बाइक का बीमा कराना अब डाक विभाग ने और आसान कर दिया है। आप घर बैठे भी बीमा करा सकते हैं। इच्छुक लोगों को अपने नजदीकी डाकघर के डाकिये को फोन कर उन्हें घर के पते पर बुलाना होगा। इसके लिए वह आपसे अतिरिक्त चार्ज भी वसूल नहीं करेंगे।
यह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग ने दो बीमा कंपनियों के साथ करार किया है। प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि आवेदकों का इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) खाता होना जरूरी है। बीमा की रकम आईपीपीबी खाते से ऑनलाइन कटेगी। अपना आईपीपीबी खाता नहीं है तो निकट संबंधी के खाते से भी भुगतान कर सकता है।
बताया कि डाकिया घर पहुंचकर ग्राहक से वाहन की आरसी के साथ उसका मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, नॉमिनी का विवरण और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाता संख्या लेगा और अपने स्मार्ट फोन (माइक्रो एटीएम) से वाहन का बीमा कर देगा। बीमा पॉलिसी ग्राहक के ईमेल आईडी पर तत्काल पहुंच जाएगी।
155299 पर कॉल कर घर बुलाएं डाकिया
प्रवर डाक अधीक्षक ने बताया कि वाहन बीमा की सुविधा प्रधान डाकघर, उप डाकघर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शाखा डाकघर से भी ली जा सकती है। डाकिया का अगर पर्सनल नंबर है तो उस पर कॉल कर दें। अन्यथा इंडिया पोस्ट पैमेंट्स बैंक सेवा के टोल फ्री-नंबर 155299 पर कॉल करके डाकिये को घर बुला सकते हैं। बताया कि अभी तक शहरी क्षेत्र से 100 लोगों ने आवेदन कर अपनी गाड़ियों का बीमा करवाया है।