गोरखपुर। नगर निगम 80 करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया के साथ ही अब केंद्र सरकार के अर्बन चैलेंज फंड से भी वित्तीय सहायता लेने की तैयारी में जुट गया है। उद्देश्य जलकल परिसर में प्रस्तावित आठ मंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स परियोजना में अधिक निवेश कर भविष्य में होने वाली आय में नगर निगम की हिस्सेदारी बढ़ाना है।
करीब 300 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर प्रस्तावित है। इसमें लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि नगर निगम उपलब्ध कराएगा। बचे 200 करोड़ रुपये परियोजना के निर्माण पर खर्च होंगे। इनमें से 80 करोड़ रुपये बॉन्ड के माध्यम से मिलेंगे, जबकि बाकी 120 करोड़ रुपये निजी भागीदार को निवेश करने हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यदि अर्बन चैलेंज फंड से अतिरिक्त कुछ धनराशि मिल जाती है तो निगम परियोजना में अपना निवेश और बढ़ा सकेगा। इससे निजी भागीदार की हिस्सेदारी कम होगी और भविष्य में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स से होने वाली आय का बड़ा हिस्सा नगर निगम को मिलेगा। इसी रणनीति के तहत अतिरिक्त फंड की व्यवस्था करने की कवायद शुरू की गई है।
जलकल परिसर में बनने वाला आठ मंजिला काॅमर्शियल कॉम्प्लेक्स नगर निगम की आय बढ़ाने वाली प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। इसमें व्यावसायिक प्रतिष्ठान, कार्यालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे निगम को लंबे समय तक नियमित राजस्व प्राप्त होगी।
बोले अधिकारीनगर निगम बॉन्ड की 80 करोड़ रुपये की राशि सितंबर तक मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा अर्बन चैलेंज फंड से भी धनराशि प्राप्त करने की तैयारी की जा रही है। यदि इस परियोजना में नगर निगम का निवेश बढ़ता है तो भविष्य में होने वाली आय में निगम की हिस्सेदारी भी अधिक होगी।
- नागेंद्र सिंह, वित्त एवं लेखा अधिकारी, नगर निगम