भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
- फोटो : अमर उजाला।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी की ओर से आयोजित क्षेत्रीय बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, किसी वर्ग विशेष का नहीं है, किसी जाति विशेष का नहीं है, ये सम्मेलन समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाला भाजपा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन है। केंद्र से पीएम मोदी ने पूरा आशीर्वाद उत्तर प्रदेश पर रखा है और सीएम योगी ने विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उत्तर प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि मेरा ये सौभाग्य है कि मुझे श्रीकृष्ण और श्रीराम की भूमि पर आने का सौभाग्य मिला। पंडित बिस्मिल की शहादत को याद करते हुए मैं इस धरती को नमन करता हूं। महात्मा बुद्ध भी इसी भूमि से सत्य की खोज में निकले थे। यही गोरखपुर की धरती है। हमें गौरवान्वित होना चाहिए कि हम ऐसी पार्टी के सदस्य हैं जिसमें आंतरिक प्रजातंत्र हैं। जिसके अंतर्गत एक साधारण परिवार से आने वाला एक साधारण कार्यकर्ता प्रदेश का मुख्यमंत्री बन जाता है और मुझ जैसा कार्यकर्ता पार्टी का अध्यक्ष बन जाता है। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को लेकर चलती है। दूसरी राजनीतिक पार्टियां वंशवाद को लेकर चलती हैं। हम लोग 'सबका साथ' इस बात को लेकर चलते हैं और वो लोग सिर्फ 'वोटबैंक' के लिए राजनीति करते हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना
कहा कि हमें प्रजातंत्र पर विश्वास है, लेकिन विपक्षी पार्टियां प्रजातंत्र पर नहीं सिर्फ परिवार पर विश्वास करती हैं। सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही एक साधारण कार्यकर्ता पार्टी को चलाता है, हमारे लिए राष्ट्रवाद सर्वोपरि है लेकिन उनके लिए वंशवाद के आगे कुछ नहीं। विपक्षी पार्टियां वंशवाद को लेकर चलती है। हम राष्ट्रवाद को लेकर आगे चलते हैं। विपक्षी पार्टियों में जो कुछ है, वो वंश के लिए हैं। हम लोग ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आप पूरी ताकत से बूथ-बूथ पर काम को आगे बढ़ाते हुए, संकल्प से सिद्धि की ओर ले जाने के लिए प्रयास करेंगे। मेरे मन में ये प्रश्न खड़ा होता है कि भाजपा तो महात्मा गांधी से लेकर पटेल जी को याद करती है। लेकिन जब चुनाव आते हैं तो दूसरे लोगों को पाकिस्तान और जिन्ना क्यों याद आने लगते हैं?
जब मोदी जी कह रहे थे कि सब लोग वैक्सीन लगवा लें तो कुछ लोग कह रहे थे कि ये पीएम मोदी की वैक्सीन है, ये बीजेपी की वैक्सीन है। अब किसकी वैक्सीन लगवा कर घूम रहे हैं, पीएम मोदी की ही वैक्सीन लगवानी पड़ी है। कुछ दिन बाद लाल टोपी भी केसरिया होने वाली है।