भाजपा विधायक विपिन सिंह द्वारा पड़ोसी के चालक की पिटाई प्रकरण में ऑनलाइन शिकायत को रजिस्टर कर लिया गया है। कैंट पुलिस ने इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने विधायक के पड़ोसी रिटायर्ड कस्टम सुपरिटेंडेंट एनडी सिंह का बयान लिया और उनके घर से सीसी फुटेज को हासिल किया है। मंगलवार को विधायक द्वारा पड़ोसी के चालक धीरू की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था और इसकी ऑनलाइन शिकायत भी की गई थी।
जानकारी के मुताबिक एनडी सिंह मंगलवार को कैंट थाने में प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे, लेकिन इंस्पेक्टर की वीआईपी ड्यूटी होने की वजह से प्रार्थना पत्र नहीं रिसीव किया गया। फिर उन्होंने मुख्यमंत्री, एसएसपी, सीओ कैंट की ऑफिशियल वेबसाइट पर प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। अब प्रार्थना पत्र को रजिस्टर कर लिया गया है। इसकी जानकारी एनडी सिंह को मेल के जरिए दी गई है।
कैंट पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। सीसी फुटेज को लिया गया है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस सिलसिले में विधायक विपिन सिंह का बुधवार को भी पक्ष नहीं मिल सका। गोरखनाथ मंदिर में विधायक से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन विधायक ने इस बाबत कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। बावजूद इसके जब भी वे अपना पक्ष देंगे, उसे प्रकाशित किया जाएगा।