लोकसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा ने जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने ज्यादातर नए चेहरों पर ही दांव लगाया है। गोरखपुर मंडल के सात में पांच जिलाें में युवाओं को मौका दिया है।
वहीं, गोरखपुर में राजेश गुप्ता को दोबारा महानगर अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। माना जा रहा है कि राजेश के कार्यकाल में पहली बार भाजपा नगर निगम का बोर्ड पूर्ण बहुमत से बनाने में कामयाब रही है, इसका उन्हें इनाम मिला है।
पार्टी ने जिलाध्यक्षों की तैनाती में लंबे समय तक मंथन किया है। दो महीने से प्रदेश कार्यालय पर इसे लेकर कई बार बैठकें और चर्चाएं हुईं। पार्टी नेतृत्व ने संगठन में अनुभव और युवा तुर्क का सामंजस्य बैठाने की कोशिश की। गोरखपुर मंडल में पार्टी ने गोरखपुर में युधिष्ठिर सिंह और संतकबीरनगर में जगदंबा लाल श्रीवास्तव को दोबारा जिले की कमान सौंपी है। जबकि महराजगंज में संजय पांडेय पर पार्टी ने भरोसा जताया है।