गोरखपुर। अंबुज हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी बिट्टू उर्फ अहमद खान के तीन गुर्गों को पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस की अब तक की जांच से संकेत मिल रहे हैं कि बिट्टू वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल सीमा से सटे एक गांव में पनाह लिए हुए है। सीमा क्षेत्र में पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, बिट्टू उर्फ अहमद खान के साथ गैंग के तीन अन्य गुर्गे भी वारदात के बाद से लापता हैं। इन सभी के मोबाइल फोन बंद हैं और उनकी लोकेशन अंतिम बार सोहगौरा और कैंपियरगंज रूट पर मिली थी। पुलिस को आशंका है कि पूरा गैंग अंडरग्राउंड हो गया है ताकि गिरफ्तारी से बचा जा सके। गिरोह के सरगना पंडित का मोबाइल फोन भी वारदात के बाद से बंद मिल रहा है।
पुलिस को शक है कि पंडित ही गैंग के गुर्गों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने में जुटा है। पुलिस ने जिन तीन युवकों को उठाया है, वे बिट्टू और गैंग के अन्य गुर्गों के संपर्क में थे। पूछताछ में पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि बिट्टू किसके माध्यम से सीमा तक पहुंचा। नेपाल में वह किसके पास छिप सकता है। इसके अलावा सरगना पंडित ने आखिरी बार किससे संपर्क किया।
वारदात के बाद जिस सुनियोजित तरीके से गैंग के गुर्गे गायब हुए हैं, उससे स्पष्ट है कि इन्हें स्थानीय स्तर पर किसी का मजबूत समर्थन मिल रहा है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि गैंग को शह देने वाले कौन लोग हैं।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी