जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। ईमानदारी की एक मिसाल पेश करते हुए एक ऑटो चालक ने यात्रा के दौरान छूट गया कीमती ज्वेलरी और नकदी से भरा बैग वापस कर मानवता की अनूठी तस्वीर पेश की।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा रायपुर निवासी कलावती देवी बुधवार शाम करीब चार बजे चिलुआताल के महुआतर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान जल्दबाजी में ऑटो से उतरते समय उनका ज्वेलरी और नकदी से भरा बैग ऑटो में ही रह गया। बैग गायब होने का पता लगते ही वे बेहद परेशान हो गईं और तुरंत चिलुआताल पुलिस को सूचना दी। उधर, ऑटो चालक अजय त्रिपाठी, निवासी मेहदावल (संतकबीरनगर) को बैग मिला तो वह बृहस्पतिवार को बैग लेकर पीपीगंज कस्बा चौकी पहुंचे और उसे पुलिस को सौंप दिया। चौकी प्रभारी जंगल कौड़िया विकास मिश्रा और चौकी प्रभारी पीपीगंज गौरव तिवारी की मौजूदगी में बैग कलावती देवी को सुरक्षित वापस सौंपा गया। बैग पाते ही उनके चेहरे पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने ऑटो चालक अजय त्रिपाठी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। संवाद