गोरखपुर। अंबुज मणि हत्याकांड में मुख्य आरोपी बिट्टू की तलाश में पुलिस ने नेपाल बॉर्डर पर तलाश तेज कर दी है। टीम को बिट्टू के मोबाइल की अंतिम लोकेशन नेपाल सीमा से सटे उसके रिश्तेदार के गांव के बाहर मिली है, जिसके बाद उसके वहीं छिपे होने की आशंका है। पुलिस बृहस्पतिवार को पूछताछ में उठाए गए दो युवकों को साथ लेकर नेपाल बॉर्डर की ओर रवाना हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बिट्टू का मोबाइल लगातार बंद मिल रहा था, लेकिन बुधवार देर रात कुछ समय के लिए ऑन हुआ। साइबर सेल ने जो लोकेशन ट्रेस की, वह नेपाल बॉर्डर पर रिश्तेदार के गांव की निकट की थी। इससे पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद बिट्टू सीमावर्ती इलाके में शरण लेकर छिपा हुआ है। टीम उसके संभावित ठिकानों की घेराबंदी कर रही है। स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी और स्वॉट टीम भी खोज में लगी है।