कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के महुअवा गांव के निकट शुक्रवार की देर रात संदिग्ध परिस्थिति में बाइक के साथ एक व्यक्ति का शव मिला। उसने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भलुही गांव के टोला पिपरटोलवा निवासी रामदुलारे यादव (40) शुक्रवार की देर रात कहीं से घर जा रहे थे। अहिरौली बाजार-बगरादेउर मार्ग स्थित महुअवा गांव के काली मंदिर जाने वाली सड़क के पास संदिग्ध परिस्थिति में रामदुलारे का शव सड़क के किनारे पड़ा था। उनकी बाइक उनके ऊपर गिरी पड़ी थी।
रात में गश्त पर निकले अहिरौली बाजार थाने के एसआई चंद्रशेखर सिंह और राजेश कुमार ने सड़क के पास एक बाइक सवार गिरा देख उसके पास गए। उस व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी। उसके पास पहचान पत्र के रूप में गाड़ी का कागज था, जिसके आधार पर युवक की पहचान हो सकी।
पुलिस ने शनिवार की भोर करीब चार बजे इसकी सूचना भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश सिंह को दी। सूचना पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि ओमप्रकाश सिंह ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दिया।
इसके बाद मृतक की पत्नी आभा देवी और बेटी जानकी (18), शालिनी (13) और बेटा प्रेम (11) समेत अन्य परिजन विलाप करने लगे। अहिरौली बाजार थाने के एसओ राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।