आने वाले समय में दो या तीन इकाई और होगी स्थापित
राजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद औद्योगिक माहौल बेहतर हुआ है। इस इकाई के शुरू होने के बाद दो या तीन इकाई और लगाने की योजना है, जिसमें करीब 5000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि उनका संपर्क दक्षिण कोरिया के कुछ निवेशकों से लगातार बना हुआ है। प्रयास है कि जल्द ही दक्षिण कोरिया के निवेशक गीडा में आकर उद्योग लगाएं। इस बदले माहौल में जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को रोजगार देने में सफल होंगे।
चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल ने कहा कि पिछले माह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुलाकात के दौरान उन्होंने आश्वस्त किया था कि गीडा में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज होगी जो मात्र 15 दिन के अंदर ही धरातल पर दिखाई देने लगी है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि 100 दिनों के भीतर यानी जून के अंतिम सप्ताह में रेडीमेड गारमेंट्स पार्क का लोकार्पण भीटी रावत में उनके कर कमलों से किया जाएगा। इसको लेकर उद्यमियों में काफी उत्साह हैं और इस मौके पर रेडीमेड गारमेंट्स की एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाए जाने की योजना है।
और भी है निवेश की तैयारी
गोरखपुर में आदित्य बिड़ला समूह द्वारा पेंट की फैक्ट्री लगाने की तैयारी है। कोकाकोला समूह ने यहां बॉटलिंग प्लांट लगाने के लिए संपर्क किया गया है। गैलेंट समूह द्वारा एक सीमेंट की फैक्ट्री लगाई जा रही है। इसी तरह करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से डिस्टिलरी, एथेनाल प्लांट एव पावर प्लांट की स्थापना जल्द होने वाली है।