गोरखपुर में नामांकन की तैयारी चल रही है।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में चार फरवरी से शुरू होने जा रहे नामांकन को लेकर रविवार से कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर बैरिकेडिंग का काम शुरू हो गया। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के एक दिन पहले, तीन फरवरी से ही कलेक्ट्रेट के बाहर शास्त्री चौक से कचहरी चौक तक की एक लेन बंद कर दी जाएगी।
कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से प्रत्याशियों व उनके प्रस्तावकों के अलावा प्रशासनिक व पुलिस के अफसरों-कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ताओं को तहसील गेट और सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज के सामने वाले कलेक्ट्रेट गेट से प्रवेश मिलेगा।
नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट के भीतर व बाहर सुरक्षा के सख्त इंतजाम रहेंगे। पूरे परिसर और नामांकन कक्ष के भीतर व बाहर हर गतिविधि की सीसीटीवी कैमरे से रिकार्डिंग होगी। कलेक्ट्रेट के बाहर शास्त्री चौक से कचहरी चौराहा तक की एक लेन से सिर्फ अफसरों की गाड़ियां ही जाएंगी। प्रत्याशियों की गाड़ियां शास्त्री चौक और कचहरी चौराहे के पास रोक दी जाएंगी।
उधर, जिन अफसरों के कोर्ट कक्षों में नामांकन होना है, वहां मरम्मत एवं साफ-सफाई का काम भी सोमवार तक पूरा हो जाएगा। बता दें कि जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों का नामांकन कलेक्ट्रेट परिसर में ही होगा। चार फरवरी से नामांकन शुरू होगा तो, 16 फरवरी को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। इसी दिन वैध प्रत्याशियों का निर्णय हो जाएगा।
राष्ट्रीय एवं राज्य के मान्यता प्राप्त दलों के प्रत्याशियों को एक प्रस्तावक के साथ जाना होगा तो अन्य (निर्दल) प्रत्याशी, नामांकन दाखिल करने के लिए 10 प्रस्तावक साथ ले जा सकेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन की तैयारियां तकरीबन पूरी हो गई हैं। बैरिकेडिंग कराई जा रही है। यह कार्य भी दो फरवरी तक पूरा हो जाएगा। नामांकन, कोविड नियमों का पालन करते हुए कराया जाएगा।
कहां-किस विधानसभा के लिए होगा नामांकन
- कैंपियरगंज- न्यायालय अपर जिलाधिकारी भू राजस्व, कक्ष संख्या 22
- पिपराईच- न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी प्रशासन, कक्ष संख्या 02
- गोरखपुर शहर- न्यायालय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, कक्ष संख्या 24
- गोरखपुर ग्रामीण- न्यायालय उप संचालक चकबंदी, कक्ष संख्या 23
- सहजनवां- न्यायालय अपर जिलाधिकारी प्रशासन, कक्ष संख्या 15
- खजनी- न्यायालय जिलाधिकारी, कक्ष संख्या 01
- चौरीचौरा- न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी न्यायिक, कक्ष संख्या 03
- बांसगांव- न्यायालय चकबंदी अधिकारी रुस्तमपुर, कक्ष संख्या 04
- चिल्लूपार- न्यायालय अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, कक्ष संख्या 27