गोरखपुर सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे।
- फोटो : अमर उजाला।
बाल स्वास्थ्य पोषण माह के दौरान बच्चों को दी जाने वाली विटामिन-ए सिरप के जमने की शिकायत आने के बाद इसके इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। यह सिरप बच्चों को नियमित टीकाकरण के दौरान पिलाई जाती है। इसका इस्तेमाल शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों पर किया जाता है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि एक कंपनी के वीपीएस-018 विटामिन-ए की सिरप पर रोक लगाई गई है। इसकी आपूर्ति अब तक जिले में नहीं हुई है। रोक के लिए निर्देश मिला था, लेकिन जब बैच की जांच की गई तो उस बैच का एक भी सिरप नहीं मिला।
बताया कि दिसंबर माह में पोषण अभियान की शुरुआत हुई थी। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक नियमित टीकाकरण के दौरान पिलाई जाती है। इसके तहत हर साल करीब पांच लाख से अधिक बच्चों को यह खुराक दी जाती है।
यूविन पोर्टल पर दर्ज होगा नियमित टीकाकरण का आंकड़ा
नियमित टीकाकरण के तहत बच्चों को लगना वाला टीका जल्द ही यूविन पोर्टन पर अपलोड होगा। इस सुविधा के शुरू होने के बाद नियमित टीकाकरण के तहत अभिभावक अपने बच्चों का टीका देश के किसी भी सरकारी बूथ पर लगवा सकेंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
सीएमओ ने बताया कि यह सुविधा जल्द ही शुरू होगी। कोविन पोर्टल की तर्ज पर यूविन पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल पर बच्चों के साथ उनके अभिभावकों की जानकारी होगी। इसके जरिए अभिभावक अगर देश के किसी अन्य राज्य में जा रहे हैं और उस दौरान बच्चों के टीकाकरण का समय आ गया है तो वह सरकारी बूथ पर जाकर वहीं टीका लगवा सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी पेपर दिखाने की जरूरत नहीं होगी।