दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की तकनीकी टीम की लापरवाही के चलते विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी पिछले पांच दिनों से परेशान हैं। वे चाहकर भी इंप्रूवमेंट का फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालय ने इंप्रूवमेंट फॉर्म भरने की तारीख तो घोषित कर दी लेकिन फॉर्म फिलहाल विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://ddugu.ac.in/ पर नहीं दिख रहा। परीक्षा नियंत्रक से लेकर कंप्यूटर विभाग तक चक्कर लगाने पर भी उन्हें अभी तक संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका है।
दरअसल, विवि ने सप्ताह भर पहले इंप्रूवमेंट का फॉर्म भरने की तिथि घोषित कर दी है। फॉर्म भरने की तिथि 25 नवंबर से 15 दिसंबर तक तय की गई है। ऑनलाइन फॉर्म भरने का लिंक नहीं दिखने के कारण तिथि घोषित होने के पांच दिन बाद भी विद्यार्थी फॉर्म नहीं भर सके हैं।
अब उन्हें यह चिंता सताने लगी है कि यदि यही स्थिति 15 दिसंबर तक रही तो वह इंप्रूवमेंट फॉर्म भरने से वंचित रह जाएंगे। मंगलवार को काफी संख्या में विद्यार्थी प्रशासनिक भवन पहुंचे थे और अपनी समस्या को परीक्षा विभाग के जिम्मेदारों के समक्ष रखा।
कंप्यूटर विभाग के जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है। जल्द ही दिक्कत दूर कर ली जाएगी। जरूरत पड़ेगी तो विद्यार्थियों के हित में फॉर्म भरने की तिथि भी आगे बढ़ाई जाएगी।
-डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक