स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर निजी अस्पतालों से जांच के नाम पर खेल करने का आरोप लगा है। विभाग के दो अधिकारी ऐसे हैं, जिन्हें न तो जांच अधिकार है न ही उन्हें अस्पतालों की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद भी वह लोग निजी अस्पतालों से रुपये वसूल रहे हैं। इनमें एक अधिकारी तो संविदा पर तैनात है।
बताया जाता है कि दो अधिकारी एक निजी अस्पताल में पहुंचे और कमियां पकड़कर संचालक पर एक लाख रुपये घूस देने का दबाव बनाने लगे। संचालक से फोन पर हुई इन अधिकारियों से बातचीत का आडियो वायरल कर दिया है। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी मिलने पर एडी हेल्थ ने जांच बैठा दी है।
आडियो में अस्पताल संचालक पहले एक अधिकारी को फोन पर कह रहा है कि पूरे एक लाख रुपये के इंतजाम नहीं हो पाए हैं। अगर आप के जरिए बात हो जाए तो काम बन जाएगा। इस पर उस अधिकारी ने साफ मना कर दिया कि मेरे माध्यम से कुछ नहीं हो सकता। दूसरे अधिकारी को उसने फोन कर यही बात बताई तो उन्होंने कहा कि आप कार्यालय आ जाइए। इसके बाद संचालक फोन काट देता है।