आर्थिक रूप से संपन्न लोग तो अपने लिए होटल या लाॅज में कमरा बुक कर लेते हैं, लेकिन कमजोर आर्थिक क्षमता वाले मरीज व उनके परिजन परिसर में इधर-उधर टहलकर रात गुजारने को विवश होते हैं। ऐसे मरीजों व उनके परिजनों के लिए अब एम्स परिसर में ही इमरजेंसी वार्ड से थोड़ा आगे जाने पर बने शेल्टर होम में बेड उपलब्ध होगा।
बृहस्पतिवार को इसका उद्घाटन एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर ने किया। उन्होंने बताया कि दो मंजिला भवन में 25-25 बेड उपलब्ध है। पुरुषों को भूतल पर और महिलाओं को प्रथम तल पर बेड उपलब्ध कराया जाएगा। यहां अलग से कपड़ा धोने और सुखाने के लिए जगह उपलब्ध कराया गया है, जिससे मरीज व उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में फिर भड़का हत्यारा हाथी, महावत को पटक कर किया घायल
उन्होंने बताया कि एम्स में भर्ती मरीजों के परिजनों को प्राथमिकता के आधार पर रैन बसेरा आवंटित किया जाएगा। पुरुष मरीज के एक तीमारदार और महिला मरीज के मामले में दो तीमारदार को बेड आवंटित किया जाएगा। प्रतिदिन एक बेड के लिए 75 रुपये चार्ज लगेगा। हमने 50 बिस्तरों से शुरुआत की है जो समय के साथ बढ़कर 150 बिस्तरों तक पहुंच जाएगी। भर्ती मरीज के परिजन ओपीडी भवन के बिल काउंटर से बेड बुक करा सकते हैं।