- पीपीगंज के एटीएम में नकदी निकालते समय दो बार ट्रांजेक्शन, रुपये न मिलने पर पीड़ित ने की शिकायत
गोरखपुर। पीपीगंज इलाके के रहने वाले कन्हैया लाल ने खाते से रुपये कटने के बाद भी एटीएम से नकदी न मिलने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पीपीगंज में एसबीआई के एटीएम से दो बार कार्ड के जरिये रुपये निकालने की कोशिश की। दोनों बार खाते से चार-चार हजार रुपये कट गए लेकिन नकदी नहीं मिली।
कन्हैया लाल ने बताया कि उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक, पीपीगंज में है। चार मार्च को माता की तबीयत खराब होने पर रकम निकालने एटीएम गए थे। पहले प्रयास में चार हजार रुपये एटीएम कार्ड से निकाला तो ट्रांजेक्शन सफल दिखाया गया लेकिन नकदी नहीं मिली। तत्काल खाते से रकम भी कट (निकासी) गई। इसके बाद फिर प्रयास किया तो ट्रांजेक्शन सफल दिखा और खाते से चार हजार रुपये कट गए लेकिन एटीएम से नकदी नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहार के दौरान एटीएम के नोटों के बंडलों में रबर लगा दिए जाते हैं, ताकि मशीन से रुपये बाहर न निकलें। उन्होंने एटीएम की सीसीटीवी फुटेज और ट्रांजेक्शन लॉग की जांच की मांग की। नोटों के साथ छेड़छाड़ की जांच की भी मांग की।
इस संबंध में लीड बैंक मैनेजर डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि खाते से रुपये कटने और एटीएम से नकदी न मिलने पर दो से तीन दिन में रुकम फिर से खाते में चली जाती है। तकनीकी खराबी की वजह से ऐसा होता है। अपनी शाखा में भी पीड़ित शिकायत कर सकता है।