ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल।(फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर के असुरन पोखरे की जमीन पर मकान बना कर रह रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें जमीन बेचने वाले ऋषभ जैन के पुत्र ने शनिवार की शाम तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर गौरव सिंह सोगरवाल को दो जगह चिह्नित जमीनों का प्रस्ताव सौंपा। दो जगह की और भूमि का प्रस्ताव वह रविवार यानी आज देंगे।
तहसील प्रशासन की तरफ से संबंधित जमीन के राजस्व अभिलेखों की जांच और पैमाइश के बाद उसे स्वीकार किया जाएगा। इसी के साथ यह मामला खत्म होने की उम्मीद जगी है। शनिवार की शाम करीब पांच बजे भेड़ियागढ़ के पार्षद अजय यादव के साथ 50 से अधिक कॉलोनी वाले एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां जमीन बेचने वाले ऋषभ जैन के पुत्र भी मौजूद थे।
उन्होंने मानीराम के पास दौलतपुर एवं नौसड़ क्षेत्र की एक-एक जमीन का प्रस्ताव दिया है। प्रशासन को 9.44 एकड़ जमीन दी जानी है। आज दो और जमीन का प्रस्ताव दिया जाएगा। पार्षद अजय यादव ने बताया कि तहसील प्रशासन की ओर से जमीन स्वीकृत कर लेने के बाद यह प्रकरण समाप्त हो जाएगा।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि 2010 में तत्कालीन मंडलायुक्त के आदेश के अनुपालन में जमीन देने को कहा गया था। आज जमीन बेचने वाले परिवार की ओर से दो जगह भूमि का प्रस्ताव दिया गया है। रविवार को दो और प्रस्ताव आने हैं। इसके बाद जमीन के दस्तावेज जांचने के साथ ही पैमाइश की जाएगी। सब सही रहा तो जमीन स्वीकार कर ली जाएगी।