रॉड बरामद, हत्यारोपी पति जेल भेजा गया
पूर्व में पत्नी द्वारा जेल भिजवाने से नाराज था जयकरन
कप्तानगंज (बस्ती)। अश्लील हरकत करने के आरोप में जेल भेजवाने के बाद से हत्यारोपी जय करन अपनी दूसरी पत्नी गीता से खफा रहता था। लेकिन झगड़े के डर से जुबान नहीं खोलता था।
कप्तानगंज थाने के कटरी गांव निवासी जय करन ने पहली पत्नी की मृत्यु के बाद लखनऊ की रहने वाली 45 वर्षीय गीता से शादी की थी ताकि बुढ़ापा चैन से कटे। किंतु अवर अभियंता पद से सेवानिवृत्त हुए जयकरन का सुख चैन उस महिला ने घर में कदम रखते ही छीन लिया था। पहला पति छोड़कर 12 वर्ष की बेटी के साथ रहने वाली गीता को लेकर जयकरन 2015 में जब गांव आया तभी से वह जायदाद में हक मांगने लगी। बात नहीं बनी तो उसने पति पर बेटी से अश्लील हरकत करने का आरोप लगा दिया। बात पुलिस तक पहुंची तो मुकदमा दर्ज कर जयकरन को जेल भेज दिया गया। छूटकर आने के बाद पति-पत्नी में सुलह तो हो गई लेकिन संपत्ति में हक का विवाद कायम रहा। जयकरन के अनुसार उसने गांव से अलग सड़क पर मकान बनवाकर पत्नी को वहां रख दिया था फिर भी वह झगड़ा करती रहती थी। मंगलवार को भी जब गीता घर में बवाल करने लगी तो गुस्से में आग बबूला जयकरन ने उस पर लोहे के रॉड और चारपाई से पाए से पीटकर मार डाला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसी की निशानदेही पर पानी की टंकी के अंदर से वह रॉड बरामद कर लिया।
यह है प्रकरण
कटरी निवासी जयकरन गौड़ निर्माण निगम में जेई थे। पहली पत्नी की मृत्यु होने पर लखनऊ में रहते वक्त उसने 2015 में गीता से प्रेम विवाह कर लिया। गीता को पहला पति उसे छोड़ चुका था। 12 वर्षीय बेटी के साथ गीता जयकरन के पास रहने लगी। इस मां-बेटी को जय करन कटरी ले आया। दूसरी पत्नी गीता को जयकरन ने नगदी के अलावा फोरलेन पर चार बिस्वा जमीन का एक चौथाई हिस्सा उसके नाम कर दिया। मंगलवार को गीता की हत्या हो गई। बेटी ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया कि वह अपनी मां से मिलने आई तो उसका फर्श पर शव पड़ा देखा। उसके अनुसार, उसने पिता यानी जयकरन को भागते देखा। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।