तीन सितंबर को ही होगी पहले चरण की स्पॉट राउंड काउंसलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद विभिन्न ब्रांच में कुल 385 सीटें खाली हैं। इन सीटों पर तीन सितंबर को स्पॉट राउंड काउंसिलिंग के जरिए प्रवेश होगा। अभ्यर्थी 26 अगस्त से तीन सितंबर को सुबह 11 बजे तक प्रवेश के लिए नए सिरे से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।
एमएमएमयूटी के डीन यूजी प्रो. वीके मिश्र के अनुसार चार राउंड की काउंसिलिंग के बाद 1189 में से 804 विद्यार्थियों ने फिजिकली रिपोर्ट की है। कुल 385 छात्र-छात्राओं ने रिपोर्ट नहीं किया। उनका शुल्क वापस करने के बाद नए सिरे से आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। तीन सितंबर को सुबह 10 बजे अभ्यर्थियों को भौतिक रूप से विश्वविद्यालय में उपस्थित होना होगा। पहले स्पॉट राउंड काउंसिलिंग में शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थी बाद में प्रवेश नहीं लेना चाहते तो वे 11 सितंबर तक शुल्क वापस ले सकते हैं। जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है, लेकिन मनचाहा विषय नहीं मिला है, उनके पास भी अब ब्रांच बदलने का मौका है। ऐसे छात्र इंटरनल स्लाइडिंग के तहत अपना ब्रांच बदल सकेंगे।