दोहरीकरण के लिए मिले 150 करोड़, पिछले साल मिली थी मंजूरी
पहले चरण में गोरखपुर कैंट से कप्तानगंज के बीच हो रहा है दोहरीकरण का काम
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बिहार की तरफ से गोरखपुर होकर दिल्ली के रास्ते पंजाब, जम्मू-कश्मीर तक जाने वाली ट्रेनों की स्पीड गोरखपुर से वाल्मीकिनगर के बीच आकर थम जाती है। वजह यह कि करीब 87 किलोमीटर का यह सिंगल ट्रैक अक्सर ही किसी न किसी ट्रेन या मालगाड़ी के चलते व्यस्त रहता है। पिछले साल इस ट्रैक के दोहरीकरण को मंजूरी मिली थी। अब इस साल के बजट में भी 150 करोड़ रुपये दोहरीकरण कार्य के लिए मंजूर हुए हैं।
इससे कार्य में तेजी आएगी। पहले चरण में गोरखपुर कैंट से कप्तानगंज के बीच दोहरीकरण का काम हो रहा है।
बगहा, बेतिया, नरकटियागंज होते हुए बिहार और नेपाल बॉर्डर से जुड़े इलाके की ट्रेन वाल्मीकिनगर-कप्तानगंज ट्रैक से होकर गोरखपुर आती है। यहां से देश के दूसरे बड़े हिस्सों की तरफ जाती है। इस ट्रैक पर प्रतिदिन करीब 30 ट्रेन और इतनी ही मालगाड़ियां गुजरती हैं। ट्रैक सिंगल होने के चलते अक्सर ही दूसरी ट्रेनों को किसी न किसी स्टेशन पर खड़े कराकर ट्रैक खाली होने का इंतजार करना पड़ता है।
इस वजह से गोरखपुर से कप्तानगंज होते हुए नरकटियागंज के बीच ट्रेनों की औसत स्पीड भी कम हो जाती है। इस रूट पर भी ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए पिछले साल वाल्मीकिनगर से गोरखपुर कैंट तक 87 किलोमीटर लंबे ट्रैक की डबलिंग को मंजूरी मिली थी। करीब 950 करोड़ की यह परियोजना वर्ष 2026 में पूरी होनी है। इसके लिए गंडक नदी पर छितौनी-बगहा रेल पुल के समांतर एक और पुल का भी निर्माण कराया जाना है। पहले चरण में गोरखपुर कैंट से कप्तानगंज के बीच मिट्टी भराई का काम चल रहा है।
घुघली और पनियहवा भी बन जाएगा जंक्शन
इस साल के बजट में गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर रेलमार्ग दोहरीकरण के साथ ही करीब 12 साल से ठप पड़े छितौनी-तमकुहीरोड नई लाइन के निर्माण के लिए भी 10 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। छितौनी-तमकुहीरोड रेलमार्ग पनियहवा स्टेशन पर ही गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर मुख्य रेल मार्ग से जुड़ेगा। इससे आने वाले समय में पनियहवा स्टेशन भी जंक्शन बन जाएगा। पनियहवा-छितौनी-तमकुहीरोड रेल मार्ग कप्तानगंज-पडरौना-थावे रेल मार्ग से जुड़ेगा। इसके अलावा आनंदनगर-घुघली नई रेल लाइन के लिए भी बजट मिला है। घुघली स्टेशन कप्तानगंज और खड्डा के बीच महराजगंज जिले का एक प्रमुख स्टेशन है। दोहरीकरण व नई लाइन निर्माण से यह स्टेशन भी जंक्शन बन जाएगा। इस तरह इस रूट पर गोरखपुर कैंट के बाद कप्तानगंज, घुघली और पनियहवा तीन प्रमुख जंक्शन भी बन जाएंगे। इस तरह इस इलाके की सभी लाइनें एक दूसरे से जुड़ जाएंगी, जिससे किसी एक रेल मार्ग पर तकनीकी दिक्कत आई तो ट्रेनों को दूसरे मार्ग से चलाया जा सकेगा।