गोरखपुर। लारेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े एक और असलहा तस्कर को एसटीएफ की गोरखपुर फील्ड इकाई ने शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी बिट्टू इंदौरी उर्फ देवेंद्र सक्सेना के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और एक कारतूस बरामद हुआ है।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी मध्य प्रदेश से पिस्टल लाकर पूर्वांचल में अपने नेटवर्क के जरिए बेचता था। उसे शनिवार शाम करीब 7:15 बजे कैंट थाना क्षेत्र के कौवाबाग अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह मध्य प्रदेश के सेंधवा (बड़वानी) और हरियाणा के सोनीपत से अवैध असलहों की तस्करी कर पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और महराजगंज समेत अन्य जिलों में सप्लाई करता था। स्थानीय लोगों को नेटवर्क से जोड़कर एक पिस्टल पर 20 से 30 हजार रुपये तक का मुनाफा कमाया जाता था। सूचना मिली थी कि गिरोह का गुर्गा बिट्टू इंदौरी मध्य प्रदेश के सेंधवा से पिस्टल लेकर गोरखपुर आ रहा है। उसे ये असलहे अपने साथी रणधीर यादव को बेचने थे। आरोपी गोरखपुर के कैंट थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मुकदमे में भी वांछित था।