रंगरेजा में मारपीट करने के एक और आरोपी को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीसी टीवी फुटेज से पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई कर रही है। उधर, शुक्रवार को भी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए बैठक की। इस दौरान अध्यक्ष मनोज पांडेय व मंत्री धीरेंद्र द्विवेदी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बारे में अधिवक्ताओं को जानकारी देते हुए आगे की रणनीति पर चर्चा की।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कुशीनगर जिले के खड्डा निवासी राजू उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है। वर्तमान में वह मोहद्दीपुर में रहता है। जानकारी के मुताबिक, 20 जुलाई की रात में रंगरेजा होटल में खाना पैक कराने गए लोगों से विवाद हो गया था। इस दौरान बीच बचाव में आए अधिवक्ताओं के साथ भी कर्मचारियों ने मारपीट की।
इसे भी पढ़ें: जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड: NHAI टीम की सूचना पर जुटे सैकड़ों किसान, काम शुरू होने पर जता रहे विरोध
कर्मचारियों की मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने अधिवक्ता अविनाश की तहरीर पर रेस्टोरेंट मालिक समेत अन्य लोगों पर डकैती, जानलेवा हमला, बलवा व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। एक आरोपी अभिषेक को रविवार की रात में गिरफ्तार कर लिया था, अब सीसी टीवी फुटेज के आधार पर दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी की गई है।
उधर, बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के सभागार में साधारण सभा की बैठक अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई। संचालन मंत्री धीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने किया। बैठक में आरोपियों की गिरफ्तारी पर चर्चा के साथ ही आगे की कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। बैठक में अभिमन्यु पांडेय, भानु प्रताप पांडेय, जितेंद्र धर दूबे, प्रभु दयाल सिंह, रवि प्रकाश शुक्ल, मनोज धर दूबे, राम प्रवेश पांडेय, पद्माकर दत्त तिवारी, गिरिजेश मणि त्रिपाठी, सुभाष शुक्ल, उमापति उपाध्याय, आशुतोष कुमार मिश्र, राहुल तिवारी, शंकर शरण शुक्ल, सत्येंद्र मल्ल आदि उपस्थित थे।