अगर आपकी वार्षिक आय 3.5 लाख रुपये से कम है और आपका बच्चा 55 फीसदी अंकों के साथ सातवीं उत्तीर्ण है, तो आगे की पढ़ाई के लिए चार साल तक उसे छात्रवृत्ति मिलेगी। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नवंबर में प्रारंभ होगा।
इसके लिए राजकीय विद्यालय, अशासकीय मान्यता प्राप्त और परिषदीय स्कूल में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। ऐसे बच्चों के बारहवीं तक पढ़ाई के लिए सरकार की ओर से 48,000 (प्रत्येक वर्ष 12,000) रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।
सत्र 2022-23 में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए निर्देश जारी हो गया है। स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने गोरखपुर जिले को 301 सीटों के सापेक्ष 4500 आवेदन फार्म भरवाने का लक्ष्य दिया है।
बीएसए आरके सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष 1502 विद्यार्थियों ने ही छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आवेदन किया था।
61 ने परीक्षा उत्तीर्ण की। कम आवेदनों की संख्या को देखते हुए इसे और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही इस योजना के लिए अर्ह छात्र छात्राओं के अभिभावकों को वांछित आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रोत्साहित करने, शिक्षक-अभिभावकों बैठकों में छात्रवृत्ति के प्रचार प्रसार का निर्देश दिया गया है। सभी विद्यालयों को शैक्षिक दृष्टि से उत्कृष्ट कम से कम 10 छात्रों को छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए भी जागरूक बनाने की बात कही है।