महुली/नाथनगर। महुली थानाक्षेत्र के हरिहरपुर में स्थित राजघाट पुल के पास एक युवती बृहस्पतिवार की सुबह कठिनइया नदी में कूद गई। इस दौरान सड़क पर जा रहे एक ड्राइवर ने नदी में कूदकर युवती को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। उसका एक निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
महुली-हरिहरपुर मार्ग पर स्थित राजघाट पुल के निकट सुबह 9.00 बजे के करीब अचानक एक युवती आई। वह पुल से नीचे उतरी और नदी के किनारे से जाते हुए बंधे पर से नदी में कूद गई। इसी दौरान हरिहरपुर कस्बे के ही वार्ड नं 10 के निवासी दयालु जो ऑटो चालक हैं वह पैदल ही अपनी ऑटो लेने जा रहे थे। उन्होंने युवती को नदी में डूबते हुए देखा तो वह भी नदी में कूद गए और युवती को नदी के किनारे लाए। तब तक वह बेहोश हो चुकी थी।
घटना की सूचना पाकर हरिहरपुर चौकी के प्रभारी अशोक सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने युवती को हरिहरपुर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान महुली कस्बा निवासी मुस्कान (19) पुत्री रोशन सोनकर के रूप में हुई। युवती को होश आ गया है तथा वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।