सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर मंडल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंदर-19 क्रि
सेंट एंड्रयूज काॅलेज में आयोजित मंडल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज काॅलेज ग्राउंड पर आयोजित मंडल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में आशीष नेहरा क्रिकेट एकेडमी (एएनसीए) ने टाइमवाच को 36 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। आलराउंड प्रदर्शन के लिए अमन मोदनवाल को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।
टाॅस जीतकर एएनसीए ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। अमन मोदनवाल और शिवम त्रिपाठी ने पारी को मजबूती दी। अमन ने 66 गेंदों पर 86 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। शिवम त्रिपाठी ने 74 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए।
दोनों के बीच हुई अहम साझेदारी के बल पर टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में आठ विकेट खोकर 241 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टाइमवाच के पीयूष कुमार ने तीन, इमरान अली और गौतम यादव को दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइमवाच की टीम को पीयूष कुमार ने 42 गेंदों पर 57 रन की तेज पारी खेलकर उम्मीद दिलाई। सिद्धांत ने 19 गेंदों पर 28 रन जोड़े लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। इससे टाइमवाच की टीम नौ विकेट पर 205 रन ही बना सकी। एएनसीए की ओर से अमन मोदनवाल ने दो विकेट लिए। अखंड दीप त्रिपाठी और यशपाल चौधरी ने तीन-तीन विकेट चटकाए।