मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी विवेक कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। चौकी प्रभारी ने तहरीर में लिखा है कि रविवार की देर रात मेडिकल काॅलेज परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। मेडिकल काॅलेज के बाहर उत्तरी गेट पर चेकिंग के दौरान अचानक से एक सफेद रंग की कार बड़ी तेजी के साथ आते हुए दिखाई दी।
आरोप है कि टाॅर्च की रोशनी से इशारा करके रोकने रोकने पर चालक ने कार उन पर चढ़ाकर भागने की कोशिश की। जबरन रोका तो कार से पांच दबंग निकले और पुलिसवालों पर अचानक हमला कर दिया। चौकी इंचार्ज को धमकी देते हुए कहा कि एंबुलेंस का चालान किया जा रहा है, हम बर्दाश्त नहीं करेंगे..देख लेंगे।
इसे भी पढ़ें: गंगा-जमुनी तहजीब: इस्मत के झोलों पर भोले की तस्वीर, कांवड़ियों को खूब भाता है इनका काम
आरोप है कि मनबढ़ों ने पुलिसवालों को गाली देते हुए चारों तरफ से घेर लिया। थोड़ी देर में आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी बीच मेडिकल चौकी से और पुलिसकर्मी आ गए। पुलिसवालों की संख्या बढ़ती देखकर धमकी देते हुए एंबुलेंस माफिया भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उनमें से चार को पकड़ लिया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
चिलुआताल के फत्तेपुर निवासी रिजवान, मुहम्मद अकशिम व रियासुद्दीन और मिर्जापुर एफसीआई रोड निवासी औरंगजेब के रूप में हुई है। मौके से इनके साथी आसिफ अली उर्फ गोलू निवासी फतेपुर थाना चिलुआताल व तीन अज्ञात फरार हो गए। गुलरिहा पुलिस ने चौकी इंचार्ज की तहरीर पर रविवार की रात पांच नामजद, तीन अज्ञात समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।