पूर्वोत्तर रेलवे के सैय्यद मोदी स्टेडियम के पूरब, कूड़ाघाट के पश्चिम, रेलवे लाइन के दक्षिण और रामगढ़ताल के उत्तर में अवस्थित मोहल्ला 'मोहद्दीपुर' के नाम से जाना जाता है। यों तो नगर के कुछ मोहल्लों की अपेक्षा यह आकार में छोटा है, किंतु वर्तमान में इसकी शान देखने योग्य है।
पहले इस मोहल्ले की पहचान इसमें स्थित बिजली विभाग के कार्यालय, कॉलोनी तथा बिजलीघर, गोपाल मंदिर, अवंतिका होटल, गुरूद्वारा, श्री टॉकीज, सेंट्रल पब्लिक स्कूल, रामकृष्ण विवेकानंद मिशन और रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज से होती थी। आज के मोहद्दीपुर ने विकास की दिशा में अपना कदम जिस गति से बढ़ाया है, वह उल्लेखनीय बन गया है। पूर्वी सिरे पर आरकेबीके कार सर्विस सेंटर के साथ-साथ कार सज्जा की अनेक दुकानें, कई मॉल, होटल और अपार्टमेंट इसकी शान बढ़ा रहे हैं।
पश्चिमी हिस्से में ठीक चौक पर शहर का सबसे शानदार और सुविधायुक्त होटल ''''रेडिशन ब्ल्यू'''' अपनी ठसक के साथ खड़ा है। यह होटल ऐसी जगह है जहां मुसाफिर को किसी से रास्ता नहीं पूछना पड़े।
पुरानी चीजों में श्री टॉकीज, नगर के अन्य टॉकीजों की तरह, अब इतिहास का विषय बन गया है। कई महत्वपूर्ण व्यक्तिओं की तरह इस मोहल्ले में एक प्रतिष्ठत रईस और इमामबाड़ा गोरखपुर के सज्जादानसीन जनाब अदनान फार्रुख शाह की कोठी भी है। जिसमें वे सपरिवार निवास करते हैं।
रामगढ़ताल जैसे सुंदर, विशाल और अंतरराष्ट्रीय ख्याति का पर्यटन स्थल और विंध्यवासिनी पार्क ( पुराना व्ही पार्क) जैसे विशाल पार्क का वरदान इसे सस्ते में सुलभ है। गोरखपुर का हवाई अड्डा, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा का सबसे बड़ा संस्थान एम्स ( अखिल भारतीय अयुर्विज्ञान संस्थान) और पूर्वांचल का सबसे विशाल रेलवे का सैयद मोदी स्टेडियम, पड़ोसी के रूप में इसकी शान में इजाफा कर रहे हैं।