गोरखपुर में रात में ट्रकों से अवैध वसूली और शराब के धंधेबाजों से साठगांठ के आरोप में नौसड़ चौकी इंचार्ज समेत सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके अलावा, नौकायन व जंगल कौड़िया पुलिस चौकी में नया इंचार्ज भेजा गया है।
गीडा थाना क्षेत्र की नौसड़ पुलिस चौकी के सामने से गुजरने वाले ट्रकों से रात में वसूली का आरोप लग रहा था। लोगों की शिकायत थी कि रात में 11 बजे जब नो इंट्री खत्म हो जाती है, इसके बाद लखनऊ व वाराणसी की तरफ से आने वाले ट्रकों से वसूली होती है।
इसके अलावा शराब के धंधेबाजों से भी साठगांठ की शिकायतें एसएसपी तक पहुंच रही थीं। बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने चौकी में तैनात एसआई अनूप तिवारी, हेड कांस्टेबल शत्रुघ्न गिरी, सुधीर सिंह, कांस्टेबल रविंद्र कुमार व अश्वनी सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि नौकायन चौकी इंचार्ज मनीष कुमार यादव को नौसड़ का नया चौकी इंचार्ज बनाया गया है। राजघाट थाने में तैनात एसआई पुरुषोत्तम आनंद को नौकायन चौकी इंचार्ज बनाया गया है। गीडा थाने में एसआई रहे सूरज सिंह को पीपीगंज थाने के जंगल कौड़िया पुलिस चौकी का नया इंचार्ज बनाया गया है। एसआई सुनील गुप्ता को पीआरओ सेल में भेजा गया है।