भाजपा नेता के बेटे की मौत के बाद परिजन से वार्ता करती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आवास विकास कॉलोनी, कूनराघाट (झारखंडी) निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक हैं। उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन सिंह बुधवार (18 नवंबर) दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए महादेव झारखंडी गेट के पास मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी की रथ यात्रा में शामिल जेसीबी (UP53ET6053) ने उसे टक्कर मार दी।
परिजन का आरोप है कि जेसीबी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन आरोप है कि आयोजन समिति से जुड़े लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर भाग गए। इसके बाद अनुपम सिंह और अन्य राहगीरों की मदद से आर्यवर्धन को एम्स अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाजपा नेता के बेटे की मौत के बाद न्याय की गुहार लेकर परिजन हाईवे पर बैठ गए
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर धरना शुरू कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद देर रात किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
भाजपा नेता के बेटे की मौत के बाद न्याय की गुहार लेकर परिजन हाईवे पर बैठ गए
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मृतक के पिता ओंकार सिंह की लिखित शिकायत पर एम्स थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार (19 नवंबर) तड़के करीब 2:30 बजे प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर में जेसीबी के अज्ञात चालक के अलावा आयोजन समिति से जुड़े साधू यादव उर्फ साधु भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ विट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश को नामजद किया गया है। इसके साथ ही 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मोनू कुमार को सौंपी गई है।
भाजपा नेता के बेटे की मौत के बाद परिजन से वार्ता करती पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।