- विमानपत्तन निदेशक संजय कुमार की अध्यक्षता में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
- अग्निशामक यंत्रों के इस्तेमाल और सुरक्षित निकासी के तरीके बताए
गोरखपुर। विमानन संरक्षा जागरूकता सप्ताह के तहत बृहस्पतिवार को सिविल एयरपोर्ट पर अग्निशमन व बचाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम व मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें एयरपोर्ट पर कार्यरत विभिन्न विभागों और एयरलाइंस के प्रतिनिधियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, अग्निशामक यंत्रों के इस्तेमाल और सुरक्षित बचाव के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विमानपत्तन निदेशक संजय कुमार ने की। अग्निशमन सेवा के अधीक्षक मुबारक हुसैन ने आग लगने के संभावित कारणों, आग के प्रकार और उन्हें बुझाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने अग्निशामक यंत्रों के सही संचालन, आग लगने पर बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षित निकासी के उपायों के बारे में बताया।
कहा कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखना जरूरी है। मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के इस्तेमाल और आग पर काबू पाने का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया भी समझाई गई।
विमानपत्तन निदेशक संजय कुमार ने कहा कि विमानन क्षेत्र में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सतर्कता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने सभी हितधारकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और संरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस दौरान सेफ्टी मैनेजर विजय कुमार ने विमानन संरक्षा प्रबंधन प्रणाली (एसएमएस) के तहत जोखिमों की पहचान, आपातकालीन तैयारियों और दुर्घटनाओं की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। इंडिगो एयरलाइंस के एपीएम गोविंद ने आपात स्थिति में एयरलाइन कर्मियों की भूमिका और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला।