गोरखपुर एयरफोर्स में जूनियर वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात वायुसेना कर्मी ने शुक्रवार की सुबह अपने सरकारी क्वार्टर में पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंचे एयरफोर्स चौकी इंचार्ज ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुदकुशी के वजहों की अभी जानकारी नहीं हो सकी है। एयरफोर्स की तरफ से भी कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
उरूवा थाना क्षेत्र पचौहा निवासी विद्यानंद (56) नंदानगर स्थित वायुसेना स्टेशन पर बतौर जूनियर वारंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। एयरफोर्स की विजय विहार कालोनी में सरकारी क्वार्टर में वह रहते थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले तक उनका परिवार भी साथ रहता था। पिछले कुछ दिनों से परिवार साथ नहीं रह रहा था।
शुक्रवार की सुबह दस बजे तक ड्यूटी नहीं पहुंचने तथा फोन रिसीव नहीं होने पर वायुसेनाकर्मी उनके क्वार्टर पहुंचे तो देखा कि उनका शरीर पंखे से लटका हुआ था। घटना की सूचना कैंट थाने की एयरफोर्स चौकी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज एयरफोर्स सुनील गुप्ता ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विद्यानंद की पत्नी अपनी बेटी के पास रहती हैं। वहीं उनका बेटा दिल्ली में नौकरी करता है, जबकि एक बेटी पुणे में नौकरी करती है। पुलिस ने परिवारवालों को सूचना दे दी है।