मुख्यमंत्री कोरोना की तीसरी लहर से बचाव की तैयारी कर चुके हैं। यह दावा करते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में 50 बेड का आईसीयू तैयार किया जा रहा है। सीएम ने मंत्री और सांसदों से अपने क्षेत्र के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोद लेने की अपील की है। कई सांसद और मंत्री ने सीएचसी-पीएचसी गोद भी ले ली है और इनमें तीसरी लहर से बचाव के उपाय कराने शुरू किए जा रहे हैं।
तीन माह मुफ्त राशन देने की तैयारी
कृषिमंत्री ने बताया कि कोरोना महामारी में लॉकडाउन के कारण खाद्यान्न संकट से जूझ रहे, सभी राशनकार्ड धारकों को मुख्यमंत्री ने जून, जुलाई और अगस्त का खाद्यान्न मुफ्त देने का एलान किया है। राज्य में 1.70 करोड़ अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक हैं। इन कार्ड में 14.804 करोड़ यूनिट हैं। इनके लिए 24,552 लाख मीट्रिक टन गेहूं और चावल वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस मद में 589 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं।
किसान हित में दी जा रही खाद-बीज, सब्सिडी
कृषि मंत्री ने कहा कि खरीफ फसल के लिए देश में पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डीएपी खाद और उन्नत बीज उपलब्ध हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डीएपी के दाम बढ़ गए हैं, लेकिन सरकार 1200 रुपये सब्सिडी देकर किसानों को मात्र बारह सौ रुपये में उपलब्ध करा रही है। सरकार ने सब्सिडी की मद में 14775 करोड़ रुपये बढ़ाए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर से ही 24 फरवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की थी। इस योजना से अभी तक किसानों के खाते में 27259 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
राजनीतिक सवालों का दिया गोलमोल जवाब
सरकार की उपलब्धियां गिना रहे कृषि मंत्री प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक हालात के सवालों से बचते नजर आए। पंचायत चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के सवाल को नकारते हुए उन्होंने कहा कि हर जगह उनके प्रत्याशी जीते हैं। उनके विधानसभा क्षेत्र में ही सिर्फ दो प्रत्याशियों को जीत मिलने के सवाल पर उनका कहना था कि इसकी समीक्षा की जा रही है, दरअसल पार्टी के कुछ साथी और कार्यकर्ता भी प्रत्याशी बन कर उतर गए थे।
यह सामान्य है, इससे पार्टी के जनाधार पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। चुनाव अधिसूचना जारी होने में कुछ माह बचे हैं, ऐसे में प्रदेश मंत्री मंडल में विस्तार का कारण पूछे जाने पर उनका कहना था कि यह मुख्यमंत्री का क्षेत्राधिकार है, वह जिसको उचित समझेंगे मंत्री मंडल में शामिल करेंगे। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके घटक दल पूर्ण बहुमत से आएंगे।