सकुशल मतदान संपन्न होने पर एसपी ने अनुचर से कटवाया केक
देवरिया। पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र ने विधानसभा चुनाव का मतदान सकुशल संपन्न होने के उपलक्ष्य में सोमवार को पुलिस अधिकारियों, कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने एएसपी कार्यालय में तैनात अनुचर से केक कटवाकर खुशी मनाई। एक-दूसरे को केक खिलाकर बधाइयां दीं।
पुलिस लाइंस स्थित चुनाव सेल का माहौल हर रोज से दोपहर में कुछ अलग दिखा। चुनाव में अहम जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों के चेहरे पर मुस्कान थी। पूरा कार्यालय फूल, गुब्बारों से सजाया गया था। मेज पर बड़ा केक रखा हुआ था। सभी के मन में था कि पुलिस कप्तान केक काटेंगे, लेकिन एसपी ने नई पहल करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नियुक्त अनुचर दुर्गेश राय को बुलाया और केक काटने के लिए कहा। कुछ क्षण के लिए दुर्गेश सोच में पड़ गए, लेकिन एसपी ने दोबारा केक काटने के लिए कहा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा कार्यालय गूंज उठा।
सभी एक-दूसरे को केक खिलाकर हंसी, खुशी के साथ जश्न मनाने में जुट गए। अपर पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी चुनाव राजेश कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कपिलमुनि सिंह, क्षेत्राधिकारी जिलाजीत, क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी पंचम लाल, क्षेत्राधिकारी बरहज देवानंद, क्षेत्राधिकारी कार्यालय चुनाव विनय कुमार यादव, प्रतिसार निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, प्रधान लिपिक भुवनेश कुमार राय, निरीक्षक प्रज्ञान अर्चना शर्मा ने चुनाव में निष्ठा से किए गए कार्यों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उसके बाद आशुलिपिक अफजल खां, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित सिंह और आरक्षी सचिदानंद पांडेय, आरक्षी दीपक कुमार सिंह, महिला आरक्षी सीमा यादव व नीलम चौधरी को सम्मानित किया गया।