प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) शहर से सटे भटहट क्षेत्र में 600 आवास और बनाएगा। जिला प्रशासन ने आवासों के निर्माण के लिए सीलिंग की सात एकड़ जमीन जीडीए को उपलब्ध करा दी है। प्राधिकरण के मुताबिक जल्द ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जीडीए की तरफ से मानबेला में 1500 आवास का निर्माण कराया गया है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का लोकार्पण किया जिसके बाद कब्जा की कार्रवाई शुरू हो गई है। इस योजना के प्रति जरूरतमंदों में उत्साह देखकर और आवास बनाने का निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर बरगदही से पिपराइच रोड पर भिसवा ग्राम पंचायत के चिउटहा राजस्व गांव में जमीन चिह्नित की है। सीलिंग की इस जमीन को प्रशासन ने जीडीए के सुपुर्द कर दिया है। गोरखपुर शहर से इस जगह की दूरी करीब 20 किलोमीटर है। यह पूरा क्षेत्र जीडीए के विस्तारित दायरे में आ चुका है। इसी के पास से फोरलेन रिंग रोड भी गुजरेगी। जिस क्षेत्र में ये आवास बनाए जाएंगे, वहां दो साल के भीतर शहर का विस्तार काफी तेजी से होने की संभावना है।
पहले खोराबार में बनने थे आवास
पहले करीब 1500 आवास खोराबार में बनाए जाने थे, लेकिन जमीन उपलब्ध न होने से यह परियोजना लंबित रह गई। अब प्रशासन ने नए सिरे से जमीन उपलब्ध करा दी है। इसमें ढाई लाख रुपये सरकार की ओर से जीडीए को दिए जाएंगे। बाकी धनराशि आवंटियों को देना होगा। पुरानी परियोजना में आवंटियों को दो लाख रुपये देने थे। इस बार कितनी धनराशि दी जाएगी, इसका अभी निर्धारण नहीं हो पाया है।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि भटहट क्षेत्र में 600 पीएम आवास बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने जमीन उपलब्ध करा दी है। ले-आउट भी जल्द तैयार कर लिया जाएगा। शहर से सटे होने की वजह से लोगों को आवागमन आदि की भी सुविधा मिलेगी।