सैनिक कल्याण विभाग में भी खुला रजिस्टर
पूर्व व वर्तमान सैनिकों तथा सैनिक आश्रितों की शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में तीन अलग-अलग शिकायत रजिस्टर बनाए गए हैं। इसमें संबंधित शिकायतें दर्ज की जाएंगी। राजस्व से संबंधित मामलों का निस्तारण एडीएम सिटी, पुलिस से संबंधित एसएसपी और विकास से संबंधित मामले सीडीओ को भेजे जाएंगे। प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण की कार्रवाई होगी, जिनका विवरण इन रजिस्टर में अपडेट भी होगा। शुक्रवार से इसकी शुरुआत भी हो गई। तिवारीपुर थाना क्षेत्र से आई एक शिकायत को निस्तारण के लिए एडीएम सिटी को भेजा गया है।
एडीएम सिटी विनीत सिंह ने बताया कि जमीन से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए एसडीएम सदर ने एक कमेटी बनाई है। जमीन से संबंधित जो मामले हैं, उनका अतिशीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। पूर्व सैनिक, सैनिक व सैनिक आश्रितों के मामले में त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर मुकेश तिवारी ने बताया कि सैनिक बंधु की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण होगा। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश भी जारी हो चुका है। हमारे कार्यालय में तीन अलग-अलग रजिस्टर बनाकर, राजस्व, विकास और पुलिस से संबंधित मामले दर्ज करने की शुरुआत हो चुकी है। इसकी नियमित निगरानी भी होगी।