जगदंबा क्लब के आदित्य को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
गोरखपुर। कुसम्ही में चल रही हॉक अंडर-16 चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार को जगदंबा क्रिकेट क्लब ने राजेश क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही जगदंबा क्लब ने सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली। इस जीत में आदित्य कुशवाही की फिरकी और पीयूष यादव की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजेश क्लब की पूरी टीम 23.1 ओवर में 105 रन पर सिमट गई। टीम के लिए आर्यन चौहान ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। इसके अलावा टीम को अतिरिक्त के रूप में 40 रन मिले। जगदंबा क्लब के आदित्य कुशवाहा व अनुकल्प पासवान ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगदंबा क्लब ने 22.2 ओवर में पांच विकेट पर 108 रन बनाकर मैच जीत लिया। कप्तान पीयूष यादव ने नाबाद 60 रन बनाए। राजेश क्लब की ओर से आर्यन सिंह ने दो विकेट लिए। आदित्य कुशवाहा को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।