गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरु अस्पताल के सर्जरी वार्ड नंबर-8 में रविवार शाम मरीज के तीमारदार और जूनियर डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। सूचना पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड में भर्ती एक मरीज से मिलने पहुंचे उसके तीमारदार ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर ड्यूटी पर मौजूद जूनियर डॉक्टर ने अस्पताल के नियमों का हवाला देते हुए वीडियो बनाने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीमारदार को अपने साथ चौकी ले गई। पूछताछ के बाद उसे घर भेज दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, वार्ड में भर्ती मरीज का उपचार सामान्य रूप से जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।