गोरखपुर जिले के भटहट इलाके के डुमरी नंबर दो खपड़हवा के पास शनिवार को मिले छोटेलाल निषाद की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के भाई अच्छेलाल ने गुलरिहा थाने में तहरीर देकर मृतक की पत्नी और उसके एक दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट से मौत की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, डुमरी नंबर दो गांव निवासी छोटे लाल निषाद की खपड़हवा के पास सड़क किनारे शनिवार को लाश मिली थी। पत्नी ने बताया था कि शुक्रवार की रात वह घर से दावत खाने गए थे और फिर नहीं लौटे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद हादसा मानकर जांच बंद कर दी थी। लेकिन, इसी बीच सोमवार की रात में मृतक के भाई ने तहरीर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
उसका कहना है कि भाभी (मृतक की पत्नी) की एक युवक से गहरी दोस्ती है। इसका विरोध करने पर उसने हत्या कर दी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।