गोरखपुर। सहजनवां पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे जमीन का बैनामा कराने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान भरोहिया निवासी चिंतामणि के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पीड़ित चिंतामणि मिश्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके दिग्वंत भाई रामनारायण मिश्र की संयुक्त भूमि गाटा संख्या 282 राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जिसमें परिवार के सदस्यों के नाम भी शामिल हैं। आरोप है कि 12 जून 2025 को गांव के लोगों से सूचना मिलने पर जब वे खेत पर पहुंचे तो मौके पर लेखपाल के साथ अवैधनाथ चौबे मौजूद थे जो भूमि की पैमाइश करा रहे थे। पूछताछ करने पर लेखपाल ने दावा किया कि उक्त भूमि का आधा हिस्सा 24 जनवरी 2025 को रजिस्ट्री के माध्यम से उनके नाम कर दिया गया है। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने दस्तावेजों और खरीदार की पहचान के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी ने अपने मोबाइल में कुछ फोटो और आधार कार्ड दिखाए। इन्हें देखकर गांव के लोग भी हैरान रह गए। बाद में यह सामने आया कि फोटो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान गांव के ही चिंतामणि पुत्र भागीरथी और उसकी पत्नी पिंकी मिश्रा के रूप में हुई। आरोप है कि दोनों ने कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी पहचान के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की। पीड़ित ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सहजनवां थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सहजनवां पुलिस ने मामले आरोपी चिंतामणि को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उनकी पत्नी की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।