जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के विशुनपुरा क्षेत्र के नौगावां निवासी विजय प्रताप ओझा (25) अपने भाई के साथ राप्तीनगर में भोजन वाला नामक रेस्टोरेंट चलाते हैं। मंगलवार की रात सवा बारह बजे कुशीनगर के अहिरौली क्षेत्र के भलुहा टोला बेलहिया निवासी अपने कर्मचारी राजकुमार (30) के साथ दवा लेने बाइक से मेडिकल कॉलेज गए थे। दवा लेकर राप्तीनगर की तरफ जाते समय पीछे से तेज रफ्तार में कार सवारों ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सामने जा रही दूसरी कार में भिड़ गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दुर्घटना में बाइक के पीछे बैठे विजय प्रताप ओझा का बायां पैर घुटने से अलग होकर 20 फीट दूर जा गिरा। आसपास के लोगों व चौकी की पुलिस ने दोनों घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
इसे भी पढ़ें: नवाबों के शहर को भा गया गोरक्षनगरी का टेराकोटा, खादी महोत्सव में लगा है स्टॉल
पुलिस के मुताबिक, प्रिंस राय का मंगलवार को जन्मदिन था। पिपराइच क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में तीनों युवक महिला मित्रों के साथ जन्मदिन की पार्टी करके नशे में धुत होकर कार से गोरखपुर लौट रहे थे। गुलरिहा पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में लेकर हादसा करने वाले कार चालक अभिनव यादव, उनके भाई विनीत यादव, मित्र प्रिंस राय पर केस दर्ज कर लिया है। वर्तमान में प्रिंस राय शास्त्री चौक पादरी बाजार में रहता है। प्रिंस राय एक अस्पताल में वार्ड बॉय का काम करता है, जबकि अभिनव व विनीत बीएससी की पढ़ाई कर रहे हैं।
घायल विजय प्रताप को उनके परिजनों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज से निकालकर शहर के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें: जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड: किसानों के खाते में भेजे दस करोड़ तो बनने लगी सड़क, बदल रहा है गोरखपुर
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि कार सवारों ने तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में पुलिस ने भर्ती कराने के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार भी पुलिस के कब्जे में है।