गोरखपुर मंडल के जिलों (गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज और कुशीनगर) में 52 डाकघरों में 12 फरवरी को कैंप लगाया जाएगा। इसमें निशुल्क आधार कार्ड बनवा सकते हैं।
अभी तक यह सेवा सिर्फ प्रधान डाकघर और दो अन्य डाकघरों में दी जाती है। नया आधार कार्ड बनाने के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। पुराने कार्ड में संशोधन कराने पर 50 रुपये और बायोमीट्रिक सुधार के लिए 100 रुपये का भुगतान करना होगा।
प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि नया आधार कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं लगता है। आधार को बनवाना सरकारी प्रक्रिया है। बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आधार कार्ड बनवाने के लिए इंटरनेट कैफे जाते हैं या प्रधान डाकघर आते हैं। ऐसे में धन के साथ समय बर्बाद होता है।
लोगों की सहूलियत के लिए डाक विभाग 52 डाकघरों में आधार कार्ड बनाएगा। डाकघर में कॉमन सर्विस सेंटर की सुविधा शुरू की गई है। यहीं से आधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। हवाई जहाज, पैन कार्ड, रेलवे की टिकट को भी यहां से बुक करा सकते हैं। नया आधार कार्ड बनवाने के लिए पहचान पत्र और निवास प्रमाणपत्र की जरूरत होगी।