प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पिपराइच। थाना क्षेत्र के ग्राम समदार बुजुर्ग निवासी रामचंद्र निषाद से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाज ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 71 हजार रुपये ठग लिए।
रामचंद्र निषाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सऊदी अरब में रोजगार के लिए कार्य वीजा बनवाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात पिपराइच क्षेत्र के ग्राम बैलो निवासी अब्दुल राशिद अंसारी से हुई। आरोप है कि अब्दुल राशिद ने खुद को एक कंसल्टेंसी संस्था का प्रतिनिधि बताया और सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। भरोसा दिलाने के बाद उसने फरवरी 2025 में रामचंद्र से उनका पासपोर्ट ले लिया। कुछ दिनों बाद आरोपी ने वीजा की कथित कॉपी दिखाकर लखनऊ में मेडिकल जांच कराने को कहा।
मेडिकल परीक्षण में करीब 8,500 रुपये खर्च हुए। इसके अलावा अलग-अलग किस्तों में बैंक खाते के माध्यम से कुल 62,500 रुपये जमा कराए गए। इस तरह पीड़ित से लगभग 71 हजार रुपये वसूल लिए गए। पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी ने वीजा निरस्त होने की बात कहकर पासपोर्ट लौटाने के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग शुरू कर दी। बार-बार टालमटोल और नई मांगों से परेशान होकर रामचंद्र को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पिपराइच थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्वत ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बैंक लेन-देन, पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की जांच की जा रही है।