गोरखपुर। वार्ड-16 हुमायूंपुर स्थित जागेश्वर पासी चौराहा और जनप्रिय विहार रोड पर जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की। हिंदू-मुस्लिम एकता कमेटी के अध्यक्ष शाकिर अली सलमानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बरसात से पहले नाली और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वार्ड में पार्षद की ओर से विभिन्न स्थानों पर निर्माण और सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है लेकिन जनप्रिय विहार रोड पर वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश होने पर सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। पूरे जिले में विकास व सुंदरीकरण कार्य तेजी से चल रहा है लेकिन वार्ड-16 की यह प्रमुख सड़क अब भी उपेक्षित है।
इस दौरान योगेंद्र गौड़ एडवोकेट, गिरीश चंद शर्मा, गुड्डू पासवान, वसीम अहमद, संदीप कुमार, गोरख सिंह, मुमताज अहमद कुरैशी, शाहिद अली अंसारी, रामदुलारे कुशवाहा, शिव जतन कुशवाहा, रब्बुल हसन, रईस अहमद अंसारी, महताब अंसारी आदि मौजूद रहे।