रामगढ़ताल क्षेत्र में वाटर वेज रेस्टोरेंट की घटना, दमकल की चार गाड़ियां लगानी पड़ीं
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बौद्ध संग्रहालय के सामने स्थित चार मंजिला वाटर वेज रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। थोड़ी ही देर में आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। आग की वजह से एक कर्मचारी बाथरूम में फंस गया। दम घुटने से उसकी हालत गंभीर हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने उसे निकाला और जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दमकल की चार गाड़ियां लगानी पड़ीं तब जाकर करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। तब तक होटल का ज्यादातर सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे उठी आग की लपटें कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग में फैल गईं। होटल आग के गोले में तब्दील हो गया। तेज आवाजें, धुएं का गुबार और ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
रेस्टोरेंट के होटल के एक कमरे में मौजूद दो लोग धुएं की वजह से किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन हाउसकीपिंग का कर्मचारी बाथरूम में फंस गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गोलघर और रामगढ़ताल यूनिट से कुल चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बचाव दल जब अंदर पहुंचा तो पहली मंजिल के बाथरूम में कर्मचारी पुरुषोत्तम (46) निवासी बलरामपुर अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
फायर ब्रिगेड इंचार्ज शांतनू कुमार यादव के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा ढांचा चंद मिनटों में लपटों में घिर गया। चार मंजिला भवन में ग्राउंड फ्लोर पर मिठाई की दुकान, पहली मंजिल पर रेस्टोरेंट, दूसरी मंजिल पर होटल और तीसरी मंजिल पर बैंक्वेट हॉल था। होटल मालिक मनोज शाही शहर के बड़े कैटर्स में गिने जाते हैं।
होटल पिछले चार वर्षों से संचालित हो रहा था। इसके बगल में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, सामने बौद्ध संग्रहालय है। पास में जेमिनी गार्डेनिया अपार्टमेंट है, जहां करीब 2,000 लोग रहते हैं। घनी आबादी वाले इस इलाके में आग की घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। स्थानीय लोगों ने 5:16 बजे फायर स्टेशन को सूचना दी, जिसके बाद टीम 10-15 मिनट में मौके पर पहुंच गई। लगातार पानी की पंपिंग से आग पर काबू पाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
आग से घिरने की वजह से बाथरूम में छिपा कर्मचारी
रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने बताया है कि एक कमरे में तीन सहकर्मी मौजूद थे। आग फैलने के बाद इनमें से दो लोग बचकर किसी तरह बाहर निकल गए लेकिन पुरुषोत्तम घिरने की वजह से उसमें फंस गया। बचने के लिए बाथरूम में चला गया। आशंका जताई जा रही है कि दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
वर्जन
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। भवन के तीनों तल पर आग फैल गई थी। इसमें फंसे रहने की वजह से एक कर्मचारी की मौत हो गई। प्रथमदृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
- संतोष कुमार राय, सीएफओ