गोला थाना क्षेत्र के ग्राम घोड़ालोटन वार्ड नंबर दो में बृहस्पतिवार की रात एक किशोर ने खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिंक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। किशोर अपने ननिहाल में रहता था।
परिजनों के मुताबिक, वह साथ में पढ़ने वाली किसी छात्रा से एकतरफा प्यार करता था। उससे बात नहीं होने पर वह परेशान था, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। जानकारी के अनुसार, गोला क्षेत्र के चिलवा गांव निवासी कौशल (17) अपने ननिहाल घोड़ालोटन वार्ड नंबर दो में रहता था।
नाना बुच्चन प्रसाद अक्सर बीमार रहते हैं। वह उनकी देखभाल के लिए साथ रहता था। कौशल के मामा व पिता विदेश में रहकर नौकरी करते हैं। घर पर केवल मामी रहती हैं। नाना बुच्चन के अनुसार, कौशल उनके साथ ही सोता था। बृहस्पतिवार की रात वह किसी बात को लेकर रो रहा था। उसे परिवार के लोगों ने काफी देर तक समझाया।
देर रात भोजन के बाद वह नाना के साथ ही सो गया। तकरीबन एक बजे रात को जब नाना की आंख खुली तो देखा कि कौशल अपने बिस्तर पर नहीं था। वह उसे खोजने लगे तो देखा कि एक कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे झूल रहा था। नाना ने इसकी सूचना परिजनों को दी।
परिजनों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पंहुची पुलिस ने सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। प्रभारी निरीक्षक राहुल शुक्ला ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के समझाने पर भी नहीं माना
कौशल दो भाइयों में बड़ा था। वह क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था। परिजनों का कहना है कि वह इसी विद्यालय की किसी छात्रा के साथ एकतरफा प्रेम करता था। उसी बात को लेकर वह परेशान था। बृहस्पतिवार की रात इसी बात को लेकर वह रो रहा था। घरवालों ने उसे काफी समझाया लेकिन अंत में उसने यह कदम उठा लिया।