खजनी थाना क्षेत्र में स्कूल के वार्षिकोत्सव से लौटी 12 वर्षीय बच्ची लापता, सुबह सकुशल मिलने पर राहत
घर में किसी बात से नाराज होकर चली गई थी दिल्ली
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही 12 वर्षीय बच्ची के अचानक लापता होने से रविवार रात हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और पूरी रात बच्ची की तलाश में जुटी रही। सोमवार सुबह दिल्ली में मौसी के घर बच्ची के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली। पता चला कि बच्ची घर में किसी बात से नाराज होकर बस पकड़कर दिल्ली पहुंच गई थी।
जानकारी के अनुसार, बच्ची रविवार सुबह करीब 10 बजे बाघागड़ा स्थित स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। दिनभर कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह स्कूल बस से लौटी और बरडांड चौराहे पर उतर गई। बताया जा रहा है कि उसने अपनी साइकिल चौराहे पर खड़ी होने की बात कही और घर के लिए रवाना हो गई, लेकिन देर शाम तक नहीं पहुंची। बच्ची के घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया, जहां से जानकारी मिली कि बच्ची स्कूल बस से अपने गांव के लिए रवाना हो चुकी थी। परिजनों ने सूचना दी तो थाना प्रभारी जयंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। बरडांड चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही खेतों, नहरों, बाग-बगीचों और सुनसान इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पूरी रात चली इस तलाश के बीच सोमवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि किशोरी दिल्ली में अपनी मौसी के घर सकुशल पहुंच गई है।
बताया जा रहा कि घर में किसी बात को लेकर नाराजगी के चलते वह बिना बताए वहां चली गई थी। किशोरी ने बताया कि उसके पास पैसे थे और बस पकड़कर दिल्ली मौसी के घर पहुंच गई। थाना प्रभारी जयंत सिंह ने बताया कि किशोरी पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।