-सहजनवां, खजनी, गीडा और गोला से घी, मूंगफली दाना, साबुदाना व पैकेट के पानी का लिया नमूना
- फलाहारी खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चल रहा अभियान
-नवरात्र में बिकने वाले साबूदाना, सिंघाड़ा आटा और कुट्टू आटा पर भी विभाग की खास नजर
गोरखपुर। नवरात्र के दौरान फलाहारी और दैनिक उपयोग की खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान लिए गए चार नमूनों में प्रारंभिक तौर पर गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ियां दिखाई दीं, जिन्हें लेकर जांच के लिए भेजा गया।
खाद्य सुरक्षा की टीमों ने गीडा, सहजनवां, खजनी और गोला क्षेत्रों में छापा मारा। सहजनवां स्थित आरके प्रोविजन स्टोर से लिए गए साबूदाना के नमूने में रंग सामान्य से बदला हुआ दिखाई दिया। गीडा क्षेत्र में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का नमूना लिया गया, जबकि दिव्या किराना से संग्रहित मूंगफली में सफेद फफूंद जैसी परत नजर आई, जिससे उसके खराब होने की आशंका जताई गई।
खजनी और गोला क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान घी का नमूना भी लिया गया, जिसमें तेज असामान्य महक महसूस हुई और उसका रंग भी सामान्य घी से अलग पाया गया। इसके अलावा टीम ने सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और फूड सेफ्टी वैन के जरिये मौके पर खाद्य पदार्थों की प्रारंभिक जांच की। टीम के पहुंचने की सूचना पाकर बाजार में कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चले गए।
नवरात्र व्रत में खाद्य सुरक्षा की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला में भेजा गया है। रिपोर्ट फेल हुई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा