सुबह नौ से शाम छह बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित
भाटपार रानी। तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी अरुण कुमार वर्मा की अध्यक्षता में नगर व्यापार मंडल के सदस्यों, व्यापारियों, सभासदों की बैठक हुई। कस्बे में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर में अतिक्रमण हटाने, सड़कों पर बेतरतीब वाहनों और ठेला गाड़ियों आदि के खड़े करने पर रोक लगाने और उनका चालान काटने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नगर में महिला शौचालय निर्माण, पटरियों और नालियों पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाने, सड़कों पर वाहन खड़ा करने वालों का पुलिस के जरिए चालान काटने का निर्णय लिया गया। बीआरडी इंटर कॉलेज के गेट से केन यूनियन तक अवैध रूप से लगी दुकानों को हटवाने, सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा व्यापारियों के सहयोग से नगर में अतिक्रमण हटवाने आदि पर चर्चा की गई। बैठक में नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता, व्यापार मंडल के अध्यक्ष पप्पू जायसवाल, थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सभासद राजेश गुप्ता, देवेश गुप्ता, गुड्डू मद्धेशिया, पुनीत पांडेय आदि मौजूद रहे।