बस की जांच करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में मंगलवार को अमर उजाला में ‘तो क्या हादसा होने के बाद चेतेंगे जिम्मेदार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद परिवहन विभाग और यातायात विभाग ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मंगलवार को 66 स्कूली वाहनों का चालान किया। इनमें आठ बसों को बंद करने की कार्रवाई की। एक दिन में स्कूली बसों के खिलाफ अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।
मंगलवार को परिवहन विभाग के जिम्मेदारों ने आरटीओ अनीता सिंह के नेतृत्व में मोहद्दीपुर सहित जिले में विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 50 वाहनों की जांच की गई। जांच में 33 स्कूली वाहन अनफिट और मानक के अनुसार नहीं मिले, जिसके बाद उनका चालान किया गया। वहीं आठ बसों को बंद करने की कार्रवाई की गई। जांच में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बीके सिंह एसपी श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।
इसीक्रम में यातायात विभाग के जिम्मेदारों ने पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. महेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में पांडे पेट्रोल पंप, कमिश्नर कार्यालय तिराहे पर स्कूली वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया। इस दौरान मानक के विपरीत मिलने पर 30 स्कूली बसों का चालान किया गया। जांच में यातायात इंस्पेक्टर मनोज राय आदि शामिल रहे।